नई दिल्ली :- घरेलू LPG सिलेंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी बताया गया है। इसके लिए 1 अक्टूबर से पहले e-KYC कराने की बात कही जा रही है। ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं होने पर सब्सिडी का लाभ प्रभावित हो सकता है और उपभोक्ता को सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ सकता है।
उपभोक्ता यह प्रक्रिया अपनी गैस कंपनी की आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे पूरी कर सकते हैं। इसके लिए स्मार्टफोन में संबंधित गैस कंपनी की ऐप के साथ Aadhaar FaceRD ऐप इंस्टॉल करना होगा। गैस कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद प्रोफाइल या KYC सेक्शन में जाकर Authentication का विकल्प चुनना होगा।
इसके बाद ऐप के जरिए चेहरे का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। कैमरे के सामने पर्याप्त रोशनी में चेहरा रखने और बताए गए निर्देशों का पालन करने के बाद वेरिफिकेशन पूरा करना होगा। इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP दर्ज कर प्रक्रिया को सबमिट करना होगा।
जो उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए e-KYC नहीं करना चाहते, वे गैस एजेंसी पर जाकर भी ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित गैस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या myLPG पोर्टल के माध्यम से भी e-KYC या Biometric Authentication का विकल्प उपलब्ध होने पर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
वेबसाइट के जरिए प्रक्रिया पूरी करने के लिए पोर्टल पर अपनी गैस कंपनी का चयन कर लॉगिन करना होगा। इसके बाद Service या Dashboard में Biometric Authentication का विकल्प चुनकर OTP और आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। प्रक्रिया पूरी करने से पहले उपभोक्ताओं को अपनी गैस कंपनी के आधिकारिक पोर्टल या एजेंसी से मौजूदा नियम और अंतिम तारीख की पुष्टि कर लेना चाहिए।


