रायपुर :- राजधानी रायपुर के देवेन्द्रनगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में आज, 21 सितंबर से सात दिवसीय भव्य श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो रहा है। प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता इन्द्रेश महाराज 21 से 27 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का वाचन करेंगे। कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रमुख सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया कि कथा के प्रथम दिन सुबह 10 बजे श्रीराम जानकी मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई, जो कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और अधिकांश श्रद्धालु पीले रंग के परिधानों में नजर आए। कलश यात्रा के बाद व्यास पीठ की स्थापना की गई, जिसके पश्चात दोपहर 2 बजे से कथा का मुख्य क्रम शुरू होगा।

आयोजन को लेकर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बारिश के मौसम को देखते हुए विशाल वाटरप्रुफ पंडाल तैयार किया गया है। इसके साथ ही पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं को कथा का बेहतर अनुभव देने के लिए कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम लगाए गए हैं। इससे दूर बैठे भक्त भी इन्द्रेश महाराज के दर्शन और उनके प्रवचन का लाभ उठा सकेंगे। आयोजन समिति के अनुसार कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि कथा में किसी भी प्रकार के वीआईपी या विशेष पास की व्यवस्था नहीं है और सभी श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था समान रखी गई है। समिति ने वरिष्ठ नागरिकों से समय से पहले पहुंचने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से जूते-चप्पलों के लिए अपनी थैली और पीने का पानी साथ लाने का अनुरोध किया गया है।