रायपुर :- राजधानी रायपुर के देवेन्द्रनगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में आज, 21 सितंबर से सात दिवसीय भव्य श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो रहा है। प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता इन्द्रेश महाराज का रायपुर आगमन हो चुका है। आज से 27 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक महाराज जी के श्रीमुख से श्रीमद भगवत कथा का वाचन होगा। कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन को लेकर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। बारिश के मौसम को देखते हुए विशाल वाटरप्रुफ पंडाल तैयार किया गया है। इसके साथ ही पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है, ताकि कथा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

श्रद्धालुओं को कथा का बेहतर अनुभव देने के लिए कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम लगाए गए हैं। इससे दूर बैठे भक्त भी इन्द्रेश महाराज के दर्शन और उनके श्रीमुख से कथा एवं प्रवचन का लाभ उठा सकेंगे। आयोजन समिति के अनुसार सात दिवसीय कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

प्रमुख सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया कि कथा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि कथा में किसी भी प्रकार के वीआईपी या विशेष पास की व्यवस्था नहीं है। सभी श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था समान रखी गई है। समिति ने वरिष्ठ नागरिकों से समय से पहले कथा स्थल पहुंचने की अपील की है, ताकि उन्हें बैठने में सुविधा हो।

समिति ने श्रद्धालुओं से जूते-चप्पलों के लिए अपनी थैली साथ लाने और पीने का पानी भी साथ रखने का अनुरोध किया है। सात दिनों तक चलने वाली इस श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालु इन्द्रेश महाराज के श्रीमुख से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।