रायपुर :- रायपुर में विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा, शैक्षणिक माहौल और कानून-व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट में अहम बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित माहौल सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने संस्थानों को निर्देश दिया कि हॉस्टल से बाहर निजी मकान, पीजी या अन्य जगहों पर रह रहे विदेशी विद्यार्थियों को अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध या उससे संबद्ध सुरक्षित हॉस्टल में शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्यार्थियों के आवास और आवागमन को लेकर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

बैठक में विदेशी विद्यार्थियों से जुड़ी शिकायतों और कानून-व्यवस्था से संबंधित संभावित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। संस्थानों को प्रभावी निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के खिलाफ उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन कानून तोड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए नियमित ओरिएंटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इनमें भारतीय कानून, स्थानीय रीति-रिवाज, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा और नशीले पदार्थों से दूर रहने जैसी जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने विश्वविद्यालयों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से मिलकर रायपुर में सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की अपील की।