रायपुर :-रायपुर में BJP पार्षद और जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की कार पर पत्थर मारकर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि दो बाइक सवारों ने बाठिया नर्सिंग होम, बैरनबाजार के पास पार्षद की कार को रुकवाया और पत्थर मारकर कांच तोड़ दिया, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात प्रीतम ठाकुर अपने परिवार के साथ गणेश दर्शन के लिए निकले थे। इससे पहले आमापारा इलाके में उनकी दो बाइक सवार युवकों से बाइक ठीक से चलाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद दोनों युवकों ने उनका पीछा किया और बैरनबाजार के पास कार पर हमला कर दिया।

घटना के बाद प्रीतम ठाकुर अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटना में शामिल दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य सिंह ठाकुर, उम्र 22 वर्ष और कृष यादव, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी खो-खो पारा के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।