बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। यश राज फिल्म्स ने मंगलवार, 22 सितंबर को एक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। परिवार ने इस मुश्किल समय में लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, उनके निधन की वजह की जानकारी सामने नहीं आई है।

यश राज फिल्म्स की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारी मन से कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी दी जा रही है। परिवार ने इस दुख की घड़ी में मिले प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए आभार जताया है और सभी से उनकी निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया है।

कृष्णा मुखर्जी का बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़ाव रहा था और उन्होंने प्लेबैक सिंगर के तौर पर काम किया था। उन्हें कई मौकों पर बेटी रानी मुखर्जी के साथ पब्लिक इवेंट्स में देखा गया था। रानी ने कई बार अपनी मां के साथ अपने गहरे रिश्ते और उनसे मिलने वाली प्रेरणा के बारे में बात की थी।

रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में उनके किरदार पर भी उनकी मां का प्रभाव रहा। फिल्म के प्रमोशन के दौरान रानी ने बताया था कि एक बंगाली मां के किरदार को निभाने में उन्हें अपनी मां से काफी प्रेरणा मिली। कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।