रायपुर :- नवा रायपुर में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा की ओर से तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेशभर से महिलाएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और बहू ऐश्वर्या सिंह भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री साय ने तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व विवाहित माताओं के लिए पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना का अवसर है। उन्होंने भगवान शिव से सभी के अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की तथा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया।

सीएम साय ने कहा कि भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही नारी के सम्मान को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार माताओं-बहनों के सम्मान के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिलने का दावा उन्होंने किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई साल में छत्तीसगढ़ में 18 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं और परिवारों तक बिजली, नल का पानी तथा गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान देश में वैक्सीन निर्माण और बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान का भी उल्लेख किया।

महिला आर्थिक सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में 13 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए देश की सेवा और मार्गदर्शन जारी रखने की कामना भी की।