रायपुर(कोरबा) :- उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तिथि, रूपरेखा और आयोजन स्थलों को अंतिम रूप देते हुए सभी गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले अभियान को प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए शासन, प्रशासन और आमजन का समन्वय जरूरी है।
अरुण साव ने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद के दिया’ कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घर-घर दीप प्रज्ज्वलन में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला और भाषण के माध्यम से देश के प्रति अपनी कल्पनाओं और विचारों की अभिव्यक्ति की भी उन्होंने सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने शेष कार्यक्रमों के लिए तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और आयोजन स्थलों का समय पर चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देते हुए नदी-घाटों की सफाई, पौधरोपण, रक्तदान और अंगदान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएं। प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों को जोड़कर उन्हें सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प दिलाने पर जोर दिया।
उन्होंने केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलावों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में संकलित कर लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए मुनादी, बैनर, पोस्टर सहित अन्य प्रचार माध्यमों का व्यापक उपयोग करने को कहा।
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी अभियान के सभी कार्यक्रमों को निर्धारित तिथियों के अनुसार समयबद्ध ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों समेत सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में विधायक प्रेमचंद पटेल सहित जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


