रायपुर :- 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह नई दिल्ली के बजाय गुजरात में आयोजित किया गया, जिससे समारोह को लेकर खास चर्चा रही।
समारोह में वरिष्ठ अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी करियर में भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया। अनंत नाग ने कन्नड़ के अलावा हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है।
अभिनय की प्रमुख श्रेणी में ममूटी और कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। ममूटी को मलयालम फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’, जबकि कार्तिक आर्यन को हिंदी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सम्मानित किया गया। वहीं यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
फिल्मों की प्रमुख श्रेणियों में‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। वहीं तमिल फिल्म ‘अमरन’ के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान दिया गया। अभिनेता रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का पुरस्कार मिला।
राष्ट्रीय पुरस्कारों में कई लोकप्रिय फिल्मों और कलाकारों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-2’, ‘कल्कि 2898 एडी’ और अन्य फिल्मों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिला। वहीं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया।
क्षेत्रीय सिनेमा और संगीत के क्षेत्र में भी कई कलाकारों को सम्मान मिला। मलयालम फिल्म ‘A.R.M.’ के गीत ‘Angu Vaana Konilu’ के लिए वैकोम विजयलक्ष्मी को सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पुरस्कार मिला। वहीं धनुष की ‘रायन’ को सर्वश्रेष्ठ तमिल फीचर फिल्म का सम्मान मिला। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में वर्ष 2024 की फिल्मों और कलाकारों की उपलब्धियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।


