रायपुर :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी तथा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। श्री देव ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का यह निर्णय छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक सुदृढ़, सक्रिय तथा गतिशील बनाएगा।
स्मृति ईरानी के अनुभव और संगठनात्मक कौशल का मिलेगा लाभ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि श्रीमती स्मृति ईरानी एक प्रखर वक्ता, कुशल संगठनकर्ता और अत्यंत अनुभवी नेत्री हैं। उनके संगठनात्मक कौशल, प्रशासनिक अनुभव एवं ऊर्जावान मार्गदर्शन का लाभ छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलने की अपेक्षा है।
सिद्धार्थ शम्भू के संगठनात्मक अनुभव से जमीनी कार्यों को मिलेगी मजबूती
श्री देव ने राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी बनाए जाने पर भी हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री शम्भू का संगठनात्मक अनुभव तथा युवाओं के बीच कार्य करने की ऊर्जा छत्तीसगढ़ में पार्टी की कार्यप्रणाली को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में सहायक होगी। उनके मार्गदर्शन से संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।
संगठन एवं सरकार के समन्वय से जनकल्याण के कार्यों को मिलेगी नई गति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन एवं सरकार के समन्वय के साथ जन-कल्याण के संकल्पों को घर-घर तक पहुँचाने तथा पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारियों से प्रदेश में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के प्रयासों को बल मिलेगा।


