आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी दे रहे बढ़ावा - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर :- राजधानी के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिरकत करते हुए रक्तदान, देहदान और अंगदान के लिए आगे आने वाले नागरिकों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवाओं में से एक है और रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है।
एक दिन में 1000 से अधिक महिलाओं ने किया रक्तदान
रक्तदान महाकुंभ में 3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था, जबकि आयोजन स्थल पर 200 बेड की व्यवस्था की गई थी। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इस उपलब्धि पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया। आयोजन में लगभग 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था।
31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया। इनमें पद्मश्री और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री साय ने देहदान और अंगदान को मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जबकि अंगदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। प्रोजेक्ट दधीचि के तहत अब तक 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं।
आयुर्वेद को लेकर मुख्यमंत्री ने कही ये बात
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार की जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जबकि नए मेडिकल कॉलेजों के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं और रायपुर में 100 बिस्तरीय नया आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है।
बुक, टॉय और स्टेशनरी कलेक्शन की भी पहल
सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान और स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी एकत्र करने की पहल भी की गई। आयोजन स्थल पर इसके लिए अलग-अलग कलेक्शन सेंटर बनाए गए थे। मुख्यमंत्री ने इन गतिविधियों का अवलोकन कर आयोजकों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक अनुज शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


