रायपुर। छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के रूप में आगे बढ़ रहे मौसमी सिस्टम का असर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। बुधवार को रायपुर समेत कई इलाकों में मौसम बदला रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रह सकते हैं। रायपुर में भी रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर में सुबह हल्के बादल रहे, जबकि दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश थमने के बाद कुछ देर हल्की धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम में यह बदलाव मौसमी सिस्टम के प्रभाव के कारण देखा जा रहा है।
मौसम तंत्र का सबसे ज्यादा प्रभाव बस्तर संभाग में देखने को मिल सकता है। बस्तर के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसमी सिस्टम गुरुवार को विशाखापट्टनम और पुरी के समुद्र तट को पार करेगा, जिसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के अंतिम सप्ताह के दौरान एक-दो और मौसमी सिस्टम बनने की संभावना है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में दोबारा बारिश देखने को मिल सकती है। फिलहाल रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है।


