रायपुर :- नीम करौली बाबा से प्रेरित डिवोशनल फिल्म ‘हनुमान अंश’ रिलीज के सातवें हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। सिनेमाघरों में कई नई फिल्मों की मौजूदगी के बावजूद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। खास तौर पर ‘ब्लॉकबस्टर ट्यूजडे’ ऑफर का फायदा फिल्म को मिला है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 47वें दिन यानी सातवें मंगलवार को 4.9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।

एक दिन में 18 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी

‘हनुमान अंश’ ने 46वें दिन 4.15 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके मुकाबले 47वें दिन फिल्म के कलेक्शन में करीब 18.07 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। टिकट की कम कीमतों के चलते मंगलवार को बड़ी संख्या में दर्शक फिल्म देखने सिनेमाघरों में पहुंचे। इसी के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 280.93 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 331.56 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म जल्द ही 300 करोड़ रुपये के नेट क्लब में पहुंच सकती है।

इन बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड से आगे निकली

280.93 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘हनुमान अंश’ ने कई चर्चित हिंदी फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने अजय देवगन की ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’, जिसने 279.5 करोड़ रुपये कमाए थे, को पार कर लिया है। इसके अलावा फिल्म ने ‘कबीर सिंह’ के 278.24 करोड़ रुपये और ‘आरआरआर’ के हिंदी वर्जन के 277 करोड़ रुपये के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म की नजर ‘भूल भुलैया 3’ के 281.56 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है।हिंदी भाषा शिक्षण

फिल्म की स्टारकास्ट और रेटिंग

‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म को रागिनी एस, नम्रता जी सिंह, अनुप्रिया ए नागर और विशाल चतुर्वेदी ने प्रोड्यूस किया है। इसमें शोभिनव सत्या, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म को बुक माय शो पर 221 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं और इसकी रेटिंग 10 में से 9.7 बताई गई है।