रायपुर :- राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा व्यवसायी की एक्टिवा से नगदी से भरा बैग चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 53 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई गई है।
मामला 9 अक्टूबर 2026 का है, जब शैलेन्द्र नगर निवासी कपड़ा व्यवसायी किशोर बलवानी अपनी दुकान जाने के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट पर उन्होंने कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेले के सामने अपनी एक्टिवा खड़ी की और पान खाने चले गए। इसी दौरान अज्ञात आरोपी एक्टिवा के सामने रखे सफेद कपड़े के बैग को लेकर फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में नगदी रखी हुई थी। शिकायत के बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच तेज की। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों तक हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले एक सप्ताह से कपड़ा व्यवसायी की रेकी कर रहे थे और उसकी दैनिक गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। वारदात के बाद चोरी की रकम को घर में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 53 लाख रुपये बरामद किए हैं। वहीं, चोरी की रकम का कुछ हिस्सा जिन तीन बैंक खातों में जमा कराया गया था, उन्हें फ्रीज करा दिया गया है। वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यदु, उम्र 39 वर्ष, निवासी डीडी नगर, रायपुर और कमलेश कुशवाहा, उम्र 36 वर्ष, निवासी टाटीबंध, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस की सतर्कता और हजारों सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से 53 लाख रुपये की इस बड़ी उठाईगिरी का खुलासा हुआ है।


