छत्तीसगढ़ प्रदेश में सड़क संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मुंगेली और बिलासपुर जिले में दो नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने दोनों निर्माण कार्यों के आदेश जारी कर दिए हैं। इन पुलों के साथ पहुंच मार्गों का भी निर्माण किया जाएगा।

पहला पुल मुंगेली जिले के तखतपुर-बरेला राज्य मार्ग पर मनियारी नदी में मौजूदा जलमग्नीय पुल के स्थान पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वर्तमान में नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में नए उच्च स्तरीय पुल के निर्माण से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

वहीं, दूसरा पुल बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में बनाया जाएगा। इस पुल और इसके पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग ने दोनों निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग के प्रमुख अभियंता को निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने, नियमित निगरानी रखने और तकनीकी मानकों का पालन कराने को कहा गया है, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरे हो सकें।

इन दोनों पुलों के निर्माण से मुंगेली और बिलासपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। खासकर बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित यात्रा के साथ बेहतर सड़क संपर्क की सुविधा मिल सकेगी।