रायपुर :- भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। भाजपा शुचिता, सादगी और राजनीतिक मूल्यों को प्राथमिकता देती है। रविवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत दिखाई देना चाहिए। उन्होंने ‘मिशन-2028’ को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और प्रतिबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। ईरानी ने कहा कि भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी आगामी समय में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘मिशन-2028’ केवल चुनाव जीतने का लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पितृ-पुरुषों के त्याग एवं राष्ट्रसमर्पण को आदर्श मानकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। स्मृति ईरानी ने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों के सहारे नहीं जीते जाते, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, जनता के साथ आत्मीय जुड़ाव और संगठन के सुदृढ़ तंत्र से जीत हासिल होती है। उन्होंने जनसेवा को केंद्र में रखकर संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।

स्मृति ईरानी और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के रायपुर पहुंचने पर पार्टी की ओर से सादगीपूर्ण स्वागत किया गया। बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के अनावश्यक प्रदर्शन से बचते हुए पार्टी के ध्वजों के माध्यम से दोनों नेताओं का स्वागत किया गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

दौरे के पहले दिन संगठन को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के साथ हुई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए गए। संभाग एवं जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक में भी संगठन की मजबूती और आगामी लक्ष्यों पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके अलावा पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों तथा निगम, मंडल और आयोग के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग चरणों में बैठकें हुईं। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठकों के जरिए पार्टी नेतृत्व ने ‘मिशन-2028’ की तैयारियों को गति देने और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रखने पर जोर दिया।