दुर्ग :- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। वाहन के पिछले हिस्से में गुप्त चेंबर बनाकर रकम छिपाई गई थी। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि रकम हवाला से जुड़ी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है। जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका। वाहन का नंबर CG 04 QU 5996 बताया गया है। यह पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। जांच के दौरान गाड़ी के पिछले हिस्से की बनावट देखकर पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस ने जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली, तो उसके पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर को खोलने पर अंदर बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई दिखाई दी। रकम की गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपए मिलने की जानकारी सामने आई। इतनी बड़ी रकम को इस तरह छिपाकर ले जाने के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
वाहन में सवार दो लोगों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई गई है। जानकारी के अनुसार, डाभी पिकअप चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रकम किसकी है, इसे कहां से लाया गया था और नागपुर में किसे सौंपा जाना था।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि पिकअप के पिछले हिस्से में गुप्त चेंबर कब और किसके द्वारा तैयार कराया गया था। बरामद नकदी के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में आयकर विभाग को भी जानकारी भेजने की तैयारी है, ताकि रकम के वित्तीय लेनदेन और उसके वास्तविक स्रोत का पता लगाया जा सके।
फिलहाल इस मामले में हवाला कनेक्शन की आशंका की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद 4 करोड़ रुपए कहां से आए थे और इन्हें नागपुर ले जाने के पीछे क्या वजह थी।


