रायपुर :- दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति अब क्षेत्रीय दल जैसी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अब किसी पर भरोसा नहीं है और वह अराजकता पैदा करने के लिए राजनीति कर रही है। चंद्राकर ने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग भी कांग्रेस के इस प्रदर्शन का विरोध कर रहा है।
खड़गे के बयान पर बोले अजय चंद्राकर
कांग्रेस के दिल्ली आंदोलन को लेकर भाजपा की ओर से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का उल्लेख किया गया था। इस पर चंद्राकर ने कहा कि खड़गे की भाषा की देशभर में निंदा हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को अब यहीं समाप्त कर देना चाहिए, क्योंकि यह ऐसा बड़ा विषय नहीं है जिसे रोज दोहराया जाए।
भिलाई में चार करोड़ रुपये की नकदी मिलने पर कांग्रेस पर पलटवार
भिलाई में चार करोड़ रुपये की नकदी पकड़े जाने के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की टिप्पणी पर भी अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। बैज ने नकदी के संघ कार्यालय जाने को लेकर तंज कसा था। इस पर चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष को इस मामले में कुछ भी जानकारी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि नकदी नागपुर, दिल्ली या मुंबई जा रही थी, इस दावे का आधार क्या है?
जनहित के मुद्दों से कट चुकी है कांग्रेस: चंद्राकर
अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों से कट चुकी है और बिना तथ्यों के बयान देकर सुर्खियों में बने रहने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोप लगाने के लिए भी कांग्रेस के पास ठोस तथ्य नहीं हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन और नकदी मामले को लेकर भाजपा विधायक के इन बयानों से प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।


