रायपुर :- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2026 का आयोजन 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी, स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करने संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का निर्धारण किया गया है।
- जांजगीर-चांपा: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
- बिलासपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
- दुर्ग: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
- सरगुजा: मंत्री रामविचार नेताम
- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: मंत्री दयालदास बघेल
- कांकेर: मंत्री केदार कश्यप
- कोरबा: मंत्री लखन लाल देवांगन
- जशपुर: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
- रायगढ़: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
- सूरजपुर: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
- गरियाबंद: मंत्री टंकराम वर्मा
- राजनांदगांव: मंत्री गजेन्द्र यादव
छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में मुख्य अतिथि निर्धारित, राज्य शासन ने जारी किया आदेश
आदेश के मुताबिक, निम्नलिखित जिलों में सांसद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
- बलौदाबाजार-भाटापारा: सांसद बृजमोहन अग्रवाल
- बेमेतरा: सांसद विजय बघेल
- कबीरधाम: सांसद संतोष पाण्डेय
- बलरामपुर-रामानुजगंज: सांसद चिंतामणि महाराज
- महासमुंद: सांसद रूपकुमारी चौधरी
- सारंगढ़-बिलाईगढ़: सांसद राधेश्याम राठिया
- सक्ती: सांसद कमलेश जांगड़े
- दंतेवाड़ा: सांसद महेश कश्यप
- बालोद: सांसद भोजराज नाग
- सुकमा: सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह
- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: सांसद लक्ष्मी वर्मा
इन जिलों में विधायक संभालेंगे मुख्य अतिथि की भूमिका
राज्य शासन के आदेश के अनुसार, कुछ जिलों में विधायक मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- कोरिया: विधायक भैयालाल राजवाड़े
- मुंगेली: विधायक पुन्नूलाल मोहले
- धमतरी: विधायक अजय चन्द्राकर
- मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: विधायक रेणुका सिंह
- गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: विधायक अमर अग्रवाल
- कोंडागांव: विधायक लता उसेंडी
- नारायणपुर: विधायक विक्रम उसेंडी
- बस्तर: विधायक किरण देव
विकास योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केंद्र
राज्योत्सव के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभागीय उपलब्धियों, महत्वपूर्ण योजनाओं और सफल परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस वर्ष कार्यक्रमों की मुख्य थीम ‘सुसंस्कृत नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। जिला स्तर पर स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे शासकीय भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं करेंगे। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर आयोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस तरह राज्योत्सव 2026 के माध्यम से प्रदेश की विकास उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।


