रायपुर :- उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत का सपना आज के युवाओं के लिए है और आने वाले समय में देश का नेतृत्व युवा पीढ़ी ही करेगी। देश को युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य से बड़ी उम्मीदें हैं। इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को अपने ज्ञान और नवाचार का उपयोग केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्रहित में भी योगदान देना चाहिए।

अरुण साव रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने तकनीकी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों से अपनी योग्यता और क्षमता के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले और परियोजना प्रदर्शनी व हैकाथॉन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

युवाओं की भागीदारी से साकार होगा विकसित भारत का सपना

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। देश में युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं। युवा अपनी योग्यता, ज्ञान और क्षमता के बल पर न केवल स्वयं आगे बढ़ सकते हैं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान भी दिला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण आज की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए किया जा रहा है। जब भारत दुनिया में अपने मान-सम्मान और गौरव के साथ खड़ा होगा, तब उसका नेतृत्व आज के युवा ही करेंगे। इसलिए युवाओं को अभी से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

शोध और नवाचार से समाज को मिलेगा लाभ

अरुण साव ने विश्वास जताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों ने विकसित भारत के निर्माण को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया होगा। सम्मेलन से प्राप्त विचार और अनुभव भविष्य में समाज तथा राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने युवाओं से अपने तकनीकी ज्ञान, शोध और नवाचार का इस्तेमाल देश की समस्याओं के समाधान तथा समाज की बेहतरी के लिए करने की अपील की।

कई शिक्षाविद और वैज्ञानिक रहे मौजूद

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (INAE) द्वारा इस दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था। समापन सत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश, जवाहर लाल नेहरू एल्युमिनियम रिसर्च, डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर के निदेशक डॉ. रोहित कुमार गुप्ता तथा NIT रायपुर के प्राध्यापक प्रो. समीर वाजपेयी, प्रो. अर्चना शर्मा, डॉ. एस. सान्याल और डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।