रायपुर :- छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने 1,812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT की समय-सारणी जारी कर दी है। परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर से कुल 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। विभाग ने प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए हैं।
प्रदेशभर में बनाए गए 24 परीक्षा केंद्र
भर्ती परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रायपुर और बिलासपुर में छह-छह केंद्र, दुर्ग और भिलाई में चार-चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, जगदलपुर में दो तथा सरगुजा और चांपा में एक-एक केंद्र बनाया गया है।
अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी प्रवेश पत्र में दी गई है। ऐसे में परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लें।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी।
पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक , दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक, तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। पहली पाली के लिए सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के लिए सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
100 प्रश्न, गलत जवाब पर कटेंगे अंक
CBT परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है। परीक्षा में नकारात्मक अंकन भी लागू रहेगा। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से मॉडल उत्तर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र जरूरी
विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लेकर आने के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचना होगा और प्रवेश पत्र में दिए गए नियमों का पालन करना होगा।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र पर दर्ज केंद्र का पता, पाली और रिपोर्टिंग समय जरूर जांच लें। अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की व्यवस्था पहले ही कर लें।


