रायपुर :- छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने मंत्रालय में पदस्थ तीन अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एक उप सचिव और दो अवर सचिव स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल के तहत कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि एक अधिकारी की नई विभाग में पदस्थापना की गई है।

श्रीकांत वर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्रीकांत वर्मा वर्तमान में खनिज साधन विभाग में उप सचिव के पद पर पदस्थ हैं। उनके पास उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था। जारी आदेश के अनुसार, उन्हें उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उनका क्षेत्र प्रभार पहले की तरह यथावत रहेगा।

के.पी. दीवानगन को गृह विभाग में मिली नई पदस्थापना

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के.पी. दीवानगन सामान्य प्रशासन विभाग के पूल में अवर सचिव के पद पर पदस्थ थे। अब उन्हें गृह विभाग में नई पदस्थापना दी गई है।

संध्या राजपूत को खाद्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार

अवर सचिव संध्या राजपूत वर्तमान में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में पदस्थ हैं। सरकार ने उन्हें वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ-साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद संबंधित विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार नई जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।