रायपुर :- बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। हालांकि, प्रदेश में मौसम का बदला हुआ मिजाज अभी बरकरार है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना अवदाब उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में तब्दील होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है।
गुरुवार को भी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर समेत कई इलाकों में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर समेत प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सुकमा, कोंटा, नेरहरपुर और पिथौरा में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं, तोकापाल, दोरनापाल, केशकाल, कांकेर, बलरामपुर, नगरी, धमतरी, राजिम, गरियाबंद, देवभोग, मैनपुर और बागबाहरा समेत कई स्थानों पर 5 से 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रायपुर, राजनांदगांव, पेंड्रा रोड, गरियाबंद, चारामा, सरायपाली और अन्य इलाकों में करीब 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
30 अक्टूबर तक कमजोर पड़ सकता है सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना अवदाब करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र जगदलपुर से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित था। अनुमान है कि यह सिस्टम आगे उत्तर दिशा में बढ़ते हुए 30 अक्टूबर की सुबह तक कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। कुल मिलाकर, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर भले ही कमजोर हो रहा है, लेकिन फिलहाल प्रदेशवासियों को बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में आज भी बादल बरस सकते हैं।

