रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ED की अलग-अलग टीमें शहर के 3 से 4 ठिकानों पर दबिश देकर जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई में चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर का आवास भी शामिल है। सुबह से ही ED के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
अनवर ढेबर के घर पहुंची ED की टीम
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम शुक्रवार सुबह शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के घर पहुंची। अधिकारियों ने यहां जांच शुरू कर दस्तावेजों को खंगालना शुरू किया। कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। बताया जा रहा है कि राजधानी में एक साथ 3 से 4 अलग-अलग स्थानों पर जांच की जा रही है। हालांकि, फिलहाल ED की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी कारोबारी ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी
गौरतलब है कि हाल ही में ED ने रायपुर और दुर्ग में भी कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के आवास पर ED के अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचे थे और कई दस्तावेजों की जांच की थी। वहीं, दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी ED की टीम ने दबिश दी थी।
करीब 10 सदस्यीय अधिकारियों की टीम सुबह 6 बजे उनके E-701 स्थित आवास पर पहुंची थी और दस्तावेजों की जांच की थी। फिलहाल रायपुर में जारी ED की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इन ठिकानों पर किन मामलों और किन लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।


