रायपुर :- राजधानी रायपुर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक अभियान चलाया है। 23 से 29 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान में पुलिस ने तीनों जोन में कार्रवाई करते हुए कुल 244 वारंट तामील किए। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत 16 चाकू बरामद किए गए। इसके अलावा अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
नशीले पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के तहत 3 मामलों में कुल 17.2 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं NDPS एक्ट के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर 32 नग नशीली सिरप, 1,200 नशीली टैबलेट और 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत 16 अलग-अलग प्रकरणों में 16 चाकू भी जब्त किए गए। इसके साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 BNSS के तहत 126 और धारा 126/135 BNSS के तहत 232 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान 6 व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा कार्रवाई भी की गई।
तीनों जोन में हुई कार्रवाई, मध्य जोन सबसे आगे
पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर, मध्य और पश्चिम जोन में अलग-अलग अभियान चलाकर वारंटों की तामीली और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।
उत्तर जोन: यहां 33 वारंट तामील किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत 6 चाकू और आबकारी एक्ट के तहत 4.5 लीटर शराब जब्त की गई। धारा 170 BNSS में 45 और धारा 126/135 BNSS में 75 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
मध्य जोन: यहां सबसे अधिक 114 वारंट तामील किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत 3 चाकू और 5.56 लीटर शराब जब्त की गई। NDPS एक्ट के तहत 32 नग नशीली सिरप बरामद हुई। इसके अलावा धारा 170 BNSS में 29 और धारा 126/135 BNSS में 59 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 6 लोगों पर गुंडा कार्रवाई भी की गई।
पश्चिम जोन: यहां 97 वारंट तामील किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत 7 चाकू और 7.2 लीटर शराब जब्त की गई। NDPS एक्ट के तहत 1,200 नशीली टैबलेट और 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। धारा 170 BNSS में 52 और धारा 126/135 BNSS में 98 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई।
अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार जारी रहेगा अभियान
रायपुर कमिश्नरेट के अनुसार, पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समय रहते आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना भी है। वारंटों की तामीली, अवैध हथियारों की बरामदगी और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के जरिए शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण रायपुर के निर्माण में सहयोग करें।


