रायपुर :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने बालोद जिले के ग्राम मचांद और उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 1:10 बजे रायपुर से बालोद के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे ग्राम मचांद (भाठा) स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1:40 बजे से 3:30 बजे तक ग्राम भेण्ड्रा में रहेंगे और अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे और शाम 4:15 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।.
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा पार्थिव शरीर
दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर आज सुबह 8:30 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा। एयरपोर्ट से सुबह 10:15 बजे पार्थिव देह को भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास ले जाया जाएगा। यहां परिजन, समर्थक और आमजन उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
दुर्ग और पैतृक गांव में भी होंगे अंतिम दर्शन
भिलाई-3 में अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को दुर्ग के जवाहर नगर ले जाया जाएगा। यहां भी लोगों के लिए अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद दोपहर 1 बजे पार्थिव देह उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा (गुंडरदेही) पहुंचेगी।
दोपहर 2 बजे होगा अंतिम संस्कार
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ग्राम भेण्ड्रा में दोपहर 2 बजे दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस दौरान मौजूद रहकर उन्हें अंतिम विदाई देंगे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।


