रायपुर :- राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इस दौरान शास्त्री चौक के प्रतिबंधित मार्ग और समय में प्रवेश करने वाले 27 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। यह विशेष अभियान डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाया गया।
शास्त्री चौक पर ऑटो और ई-रिक्शा की एंट्री प्रतिबंधित
यातायात पुलिस के मुताबिक, शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शास्त्री चौक के चारों ओर स्थित प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक यात्री वाहनों का आवागमन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है। इसके बावजूद कई वाहन चालक प्रतिबंधित मार्गों पर प्रवेश कर रहे थे।
दो दिनों तक चला विशेष चेकिंग अभियान
प्रतिबंधित मार्ग और समय संबंधी आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पिछले दो दिनों से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान यातायात थाना शारदा चौक और यातायात थाना पंडरी की टीम ने शास्त्री चौक एवं घड़ी चौक पर वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 27 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ वैधानिक चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में प्रतिबंधित मार्गों पर प्रवेश नहीं करने की समझाइश दी गई।
इन रास्तों से प्रतिबंधित है ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश
यातायात पुलिस ने शास्त्री चौक के आसपास चार प्रमुख मार्गों से ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है।
जयस्तंभ चौक की ओर से: बांबे मार्केट टर्निंग से प्रवेश प्रतिबंधित।
रेलवे स्टेशन की ओर से: मरहीमाता चौक से प्रवेश प्रतिबंधित।
महिला थाना की ओर से: बंजारी चौक से प्रवेश प्रतिबंधित।
कलेक्ट्रेट चौक की ओर से: कलेक्ट्रेट चौक से प्रवेश प्रतिबंधित।
वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है। इसके तहत बंजारी चौक से बांबे मार्केट टर्निंग, रजबंधा मैदान, मरहीमाता चौक, खालसा स्कूल तिराहा, खजाना चौक और राजभवन चौक होकर आवागमन किया जा सकता है।
उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित मार्ग और समय का उल्लंघन करने पर आगामी दिनों में और अधिक सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक चालकों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


