बस्तर :- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरनार पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा जा रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ नगदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो लोग गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पति-पत्नी को रोककर उनके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 8 किलो 500 ग्राम पाई गई।

मथुरा के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र दास और उसकी पत्नी संचिता दास के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.5 किलो गांजे के अलावा नगदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

नगरनार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसकी तस्करी में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क भी शामिल है या नहीं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।