रायपुर :- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने के साथ ही पाक कला में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में 2 नवंबर को दोपहर 1 बजे से अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड, सूरजपुर में पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में गृहिणियां, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालक सहित खाना बनाने में रुचि रखने वाला कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा तैयार व्यंजनों का मूल्यांकन स्वाद, पारंपरिकता, सामग्री के उपयोग, प्रस्तुतीकरण, स्वच्छता एवं व्यंजन संबंधी जानकारी के आधार पर किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3 हजार 100 रुपये, द्वितीय स्थान पर 2 हजार 100 रुपये एवं तृतीय स्थान पर 1 हजार 100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही तीन अन्य प्रतिभागियों को 500-500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए प्रशासन की ओर से टेंट में स्थान एवं टेबल उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागियों को बर्तन, मसाले, सब्जियां, गैस, चूल्हा एवं अन्य आवश्यक सामग्री स्वयं लानी होगी। होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालक अपने स्टॉल पर प्रचार-प्रसार के लिए बैनर एवं पोस्टर भी लगा सकेंगे।
100 रुपये पंजीयन शुल्क, ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 100 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क आयोजन स्थल स्टेडियम ग्राउंड पहुंचने पर जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद प्रतिभागियों को रसीद प्रदान की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी नीचे दिए गए गूगल लिंक के माध्यम से अपना पंजीयन फॉर्म भर सकते हैं।
पंजीयन लिंक:
https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSe_eKPpxoOXh8jvDrFJJUKR5FKrQiJgiV6qIr510n8UJ0lVYA/viewform
प्रतियोगिता के संबंध में अधिक जानकारी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के मोबाइल नंबर 8085148088 तथा एनआरएलएम कार्यालय के मोबाइल नंबर 9131876837 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने पाक कला में रुचि रखने वाले सभी नागरिकों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने की अपील की है।


