रायपुर :- दीपावली और छठ पर्व के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेलवे की ओर से दुर्ग-दिल्ली और गोंदिया-पटना के बीच फेस्टिवल और पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के चलने से छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और त्योहारों के दौरान यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।

रेलवे के अनुसार, दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच एक फेरे के लिए गाड़ी संख्या 08795 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 2 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दुर्ग स्टेशन से रवाना होगी। रास्ते में रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा में ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे, जिनमें 14 एसी थर्ड क्लास, एक एसी सेकंड क्लास, एक स्लीपर और दो पावर कार शामिल हैं।

वहीं, बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए गोंदिया-पटना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह, झाझा और राजेंद्र नगर टर्मिनल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए पटना पहुंचेगी।

इसकी वापसी में गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल 7 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को शाम 6:10 बजे पटना से रवाना होगी। यह ट्रेन निर्धारित मार्ग से होते हुए तीसरे दिन सुबह 3 बजे गोंदिया स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य, 10 स्लीपर, 3 एसी थर्ड क्लास और एक एसी सेकंड क्लास कोच शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या RailOne ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। त्योहारों के दौरान चलाई जा रही इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को घर पहुंचने और परिवार के साथ दीपावली व छठ पर्व मनाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।