जगदलपुर :- बस्तर के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 38 दिनों के लंबे इंतजार के बाद केके रेललाइन पर यात्री ट्रेन सेवा फिर से बहाल कर दी गई है। लैंडस्लाइड की घटना के चलते बाधित हुई रेल सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू होने से बस्तर के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
तीन ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू
केके रेललाइन पर लैंडस्लाइड के बाद रेलवे ने सुरक्षा कारणों से तीन ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और दो ट्रेनों को रद्द कर दिया था। अब शॉर्ट टर्मिनेट की गई तीनों ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया है। इनमें किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर, जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस और जगदलपुर-हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस शामिल हैं।
दो रद्द ट्रेनों के जल्द शुरू होने की उम्मीद
रेलवे की ओर से रद्द की गई दो अन्य ट्रेनों को भी जल्द शुरू किए जाने की संभावना है। इनमें जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से बस्तर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में और सुविधा मिलेगी। फिलहाल 38 दिनों बाद यात्री रेल सेवा की बहाली को बस्तर के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।


