भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह और पंजाबी एक्ट्रेस समरीन कौर इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अर्शदीप ने समरीन के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों के फैंस ने जमकर प्यार लुटाया, लेकिन कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने समरीन को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उन पर अर्शदीप को सिर्फ शोहरत के लिए डेट करने का आरोप लगाया। अब एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। वहीं अर्शदीप भी उनके समर्थन में उतर आए हैं।

ट्रोलिंग पर समरीन कौर ने तोड़ी चुप्पी

समरीन कौर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर कर सोशल मीडिया पर हो रही टिप्पणियों पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लोग हर स्थिति में दूसरों को जज करने का मौका ढूंढ लेते हैं। अगर कोई अपने रिश्ते को निजी रखता है तो सवाल उठाए जाते हैं और अगर खुलकर प्यार जाहिर करता है तो उसे शोहरत पाने की कोशिश बताया जाता है। एक्ट्रेस ने कहा कि लोगों को हर हाल में कुछ न कुछ कहना ही होता है। ऐसे में दूसरों की बेवजह की राय और नकारात्मक टिप्पणियों को महत्व देने की जरूरत नहीं है।

17 साल की उम्र से कर रही हैं काम, खुद के दम पर बनाई पहचान

समरीन ने अपने पोस्ट में अपनी मेहनत और आत्मनिर्भरता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह महज 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और अपने खर्चों से लेकर प्रोफेशनल जिम्मेदारियों तक सब कुछ खुद संभालती आई हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि वह अब तक 20 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकी हैं और अपनी जिंदगी अपने दम पर जी रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह इस रिश्ते में आने से पहले भी खुश थीं और आज भी अपनी जिंदगी से संतुष्ट हैं। समरीन ने यह भी कहा कि उन्हें ऐसा साथी मिला है, जिसके साथ वह खुद को खुश और पूरा महसूस करती हैं। उन्हें अपने रिश्ते को लेकर किसी के सामने सफाई देने की जरूरत नहीं है।

महिलाओं के ट्रोल करने पर जताई नाराजगी

समरीन ने अपने पोस्ट में इस बात पर भी नाराजगी जताई कि कई बार महिलाएं ही दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाने लगती हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी जानकारी के राय बनाना और नकारात्मक टिप्पणियां करना गलत है। एक्ट्रेस के मुताबिक, उनकी टीम ऐसे लोगों को ब्लॉक कर रही है, जो उनकी प्रोफाइल पर आकर बेवजह की नकारात्मक बातें लिख रहे हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं।

अर्शदीप सिंह ने किया गर्लफ्रेंड का सपोर्ट, बोले- मुझे तुम पर गर्व है

समरीन के इस पोस्ट के बाद अर्शदीप सिंह भी उनके समर्थन में सामने आए। क्रिकेटर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर समरीन का नोट रीशेयर करते हुए लिखा कि उन्हें समरीन पर गर्व है और वह बेहद मजबूत हैं। अर्शदीप ने ट्रोलर्स को सलाह देते हुए कहा कि दूसरों की जिंदगी में दखल देने के बजाय उन्हें थोड़ा ब्रेक लेना चाहिए और लोगों को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्यार करना और प्यार पाना जिंदगी की सबसे खूबसूरत भावनाओं में से एक है। अर्शदीप ने अपनी जिंदगी में समरीन के होने पर खुशी जताई और दोनों को प्यार देने वाले लोगों का शुक्रिया भी अदा किया। फिलहाल सोशल मीडिया पर अर्शदीप और समरीन की जोड़ी चर्चा में बनी हुई है। दोनों ने अपने पोस्ट के जरिए साफ कर दिया है कि वे अपने रिश्ते को लेकर किसी की नकारात्मक टिप्पणियों की परवाह नहीं करना चाहते।