चेन्नई :- दिवाली से पहले तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार ने फिल्म निर्माताओं को आर्थिक राहत देते हुए 224 फिल्मों के लिए कुल 15.68 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की है। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजमोहन अरुमुगम ने चयनित फिल्म निर्माताओं को 7-7 लाख रुपये के चेक सौंपे। खास बात यह है कि यह सब्सिडी पिछले कई वर्षों से लंबित थी।

2015 से 2022 तक बनी फिल्मों को मिली सब्सिडी

सरकार की इस योजना के तहत साल 2015 से 2022 के बीच बनी कम बजट वाली तमिल फिल्मों का चयन किया गया है। रिटायर्ड जस्टिस एसके कृष्णन की अध्यक्षता वाली समिति ने प्रत्येक वर्ष 28 फिल्मों को सब्सिडी के लिए चुना। इस तरह आठ वर्षों में कुल 224 फिल्मों को आर्थिक सहायता के योग्य माना गया। इस योजना का उद्देश्य कम बजट में अच्छी और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में बनाने वाले निर्माताओं को आर्थिक सहयोग देना और तमिल सिनेमा को प्रोत्साहित करना है।

प्रोड्यूसर टी सिवा ने सरकार का जताया आभार

सब्सिडी जारी होने के बाद फिल्म निर्माता टी सिवा ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री विजय और मंत्री राजमोहन अरुमुगम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई परिवारों के लिए दिवाली का तोहफा है। टी सिवा के मुताबिक, सब्सिडी प्राप्त करने वाले करीब 90 फीसदी लोग ऐसे हैं, जिनकी आजीविका फिल्म निर्माण से जुड़ी है और लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाने वाले निर्माताओं को मिलेगा प्रोत्साहन

तमिलनाडु सरकार की इस सब्सिडी योजना का मुख्य उद्देश्य कम बजट में समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को पर्दे पर उतारने वाले फिल्म निर्माताओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन अरुमुगम ने सामाजिक जागरूकता फैलाने में फिल्मों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में तमिल सिनेमा के पुरस्कार और सब्सिडी पारदर्शी तरीके से योग्यता के आधार पर दिए जाएंगे। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से आर्थिक सहायता का इंतजार कर रहे फिल्म निर्माताओं को राहत मिली है। साथ ही क्षेत्रीय सिनेमा में नए और सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के निर्माण को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।