नई दिल्ली :- राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 सदस्यीय इंडिया-A टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रजत पाटीदार उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह जैसे चर्चित खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। इस टीम से भारतीय फैंस को टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

19 नवंबर से शुरू होगा राइजिंग स्टार्स एशिया कप

राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का आयोजन कतर की राजधानी दोहा में किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 नवंबर से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को खेला जाएगा। भारत-A को ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान-A, नेपाल और UAE के साथ रखा गया है। ऐसे में भारतीय टीम का पाकिस्तान-A के खिलाफ मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मैचों में से एक रहने वाला है।

भारत-A का पूरा मैच शेड्यूल

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 नवंबर को भारत-A और पाकिस्तान-A के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं 24 नवंबर को भारतीय टीम UAE से भिड़ेगी। ग्रुप स्टेज के इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।

तिलक वर्मा को कप्तानी, रजत पाटीदार संभालेंगे उपकप्तानी

तिलक वर्मा को कप्तानी सौंपने के पीछे उनका अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट का अनुभव अहम माना जा रहा है। वे IPL में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं और हैदराबाद की रणजी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में हैदराबाद ने 2024 में रणजी ट्रॉफी का प्लेट डिवीजन खिताब जीता था। तिलक ने 2025 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया था। अब वे राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया-A की अगुआई करेंगे।

वहीं रजत पाटीदार को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। मध्य प्रदेश के इस बल्लेबाज के पास घरेलू क्रिकेट और IPL में कप्तानी का अनुभव है। वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी करते हैं। उनकी कप्तानी में RCB ने IPL 2025 का खिताब जीता था। अब इंडिया-A टीम में उन्हें उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।