रायपुर :- राजधानी रायपुर में चोरों ने एक बार फिर सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। वारदात के समय कारोबारी अपने परिवार के साथ पैतृक गांव गया हुआ था। 2 नवंबर को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

मामला बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार का है। यहां रहने वाले सीताराम गुप्ता के मकान के भूतल पर केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान संचालित होती है। जानकारी के मुताबिक, कारोबारी 19 अक्टूबर को परिवार के साथ नवरात्रि मनाने मध्य प्रदेश के अपने पैतृक गांव खटखरी गए थे। इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था। 2 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे जब वे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर पहुंचने पर आलमारी का लॉक भी टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले। पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, लगभग 2 किलो चांदी के जेवर और 5 से 8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

चोरी गए सोने के आभूषणों में मंगलसूत्र, हार, झुमकी, अंगूठी और अन्य जेवर शामिल हैं। वहीं चांदी के आभूषणों में करधन, पायल, छागल और बिछिया शामिल हैं। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुई नकदी में 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि के थे। बाकी रकम कारोबार से जुड़ी थी।

घटना के बाद सीताराम गुप्ता ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।