नवा रायपुर :- नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 के तीन दिवसीय आयोजन में कृषि विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां चारों ओर फैली प्राकृतिक हरियाली, ग्रामीण परिवेश की झलक और खेती-किसानी से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। कृषि विभाग के इस स्टॉल में खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। खास बात यह है कि खेती से जुड़े उत्पादों, पारंपरिक बीजों और खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं के साथ पशुपालन, मत्स्यपालन, कुक्कुटपालन और विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों की भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही प्राकृतिक अनुकूलता और भूजल स्तर के महत्व को भी प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा परंपरागत धान की खेती के साथ वैकल्पिक एवं अधिक लाभकारी फसलों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी स्टॉल के माध्यम से प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है। कृषि विभाग के स्टॉल में प्रवेश करते ही लोगों को ग्रामीण जीवन और प्रकृति के करीब होने का एहसास हो रहा है। चारों ओर हरियाली और शीतल वातावरण के बीच तैयार किया गया यह परिसर ग्रामीण परिवेश की सुंदर तस्वीर पेश कर रहा है। यहां पहुंचने वाले लोग सब्जी-भाजी, फूल, पेड़-पौधों, खेती-किसानी और पशुधन विकास से जुड़ी गतिविधियों के बारे में उत्सुकता से जानकारी ले रहे हैं। स्टॉल में आगे बढ़ने पर कामधेनु विश्वविद्यालय का एक विशेष काउंटर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है, जहां विश्वविद्यालय की ओर से तैयार की गई रबड़ी के बारे में जानकारी लेने के साथ लोग उसके स्वाद का आनंद उठा रहे हैं। वहीं बस्तर कैफे की खुशबू भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। पूरे पंडाल में शहद सहित विभिन्न स्थानीय खाद्य उत्पादों की खरीदारी को लेकर भी लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है।

कृषि विभाग के स्टॉल की एक और खास विशेषता यहां प्रदर्शित किए गए आधुनिक कृषि यंत्र हैं। खेती-किसानी को आसान बनाने और किसानों की मेहनत कम करने के उद्देश्य से बेलर, स्ट्रॉ चॉपर, कंबाइन हार्वेस्टर, पैडी ट्रांसप्लांटर, रीपर सहित कई आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया गया है। इन मशीनों के उपयोग, उनकी विशेषताओं और खेती में होने वाले फायदों के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही शासन की ओर से कृषि यंत्रों की खरीदी पर किसानों को दिए जाने वाले अनुदान और विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया जा रहा है, ताकि किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक और लाभकारी बना सकें।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। राज्य सरकार की मंशा है कि किसान केवल परंपरागत धान की खेती तक सीमित न रहें, बल्कि स्थानीय जलवायु, मिट्टी की प्रकृति और बाजार की मांग के अनुरूप वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों को भी अपनाएं। इससे कृषि उत्पादन में विविधता आएगी और किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए अवसर तैयार होंगे। राज्योत्सव 2026 में कृषि विभाग का यह स्टॉल खेती-किसानी में नवाचार, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, आधुनिक तकनीक और किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित कर रहा है।