नवा रायपुर | केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में नवनिर्मित ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को यादगार बनाने और आने वाली पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है। करीब 16 एकड़ में फैला यह पार्क विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की प्रेरणा देने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देगा। पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल के पौधे और 500 से ज्यादा स्थानीय प्रजातियों के वृक्ष लगाए जा चुके हैं। इस पहल के जरिए नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के उद्देश्य से ‘People for Peepal’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मकसद केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित करना है। इसी सोच के साथ विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यह पहल शहरी विकास के साथ हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी बढ़ावा देगी।

खास बात यह है कि इस अभियान के जरिए पीपल के प्रति लोगों की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। उम्मीद है कि यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित पर्यावरण, सामुदायिक सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का प्रेरणास्रोत बनेगा। नवा रायपुर से यह पहल विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।