रायपुर :- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में भाजपा नेताओं ने अमित जोगी और वीडियो बनाने व उसे सोशल मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान विधायक राजेश मूणत ने अमित जोगी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया है, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होती है और अपनी बात रखने का एक तरीका होता है, लेकिन किसी की चरित्र हत्या करने के उद्देश्य से बेडरूम के दृश्य दिखाना उचित नहीं है।

राजेश मूणत ने कहा कि भाजपा ने इस वीडियो की पटकथा लिखने वाले, इसे तैयार करने वाले और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले सभी संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मामले में वीडियो के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक मूणत ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एक बार फिर थाने पहुंचेंगे। फिलहाल इस शिकायत के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और अमित जोगी की ओर से इस पूरे विवाद पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।