रायपुर :- महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) आज बुधवार को मुख्य आरोपी और एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को रायपुर के विशेष न्यायालय में पेश करेगी। कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि सीबीआई मामले की आगे की जांच और पूछताछ के लिए अदालत से सौरभ चंद्राकर की रिमांड मांग सकती है।
करीब छह हजार करोड़ रुपये के कथित सट्टेबाजी घोटाले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को सीबीआई पिछले दिनों E6 2307 फ्लाइट से दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची थी। इससे पहले दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई की मांग पर उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड की मंजूरी दी थी। कानूनी प्रक्रिया के चलते उसकी रायपुर वापसी में देरी हुई। सीबीआई पहले सोमवार को ही उसे रायपुर लाने वाली थी, लेकिन अदालत में सुनवाई टलने के कारण पूरी प्रक्रिया आगे बढ़ गई।
दरअसल, सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर को आगे की जांच के लिए दिल्ली से रायपुर लाने की अनुमति मांगी थी। राउज एवेन्यू कोर्ट ने जांच एजेंसी की दलीलें सुनने के बाद दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की। ट्रांजिट रिमांड के तहत किसी आरोपी को एक स्थान से दूसरे स्थान की अदालत के अधिकार क्षेत्र में ले जाने की कानूनी अनुमति दी जाती है। इसके बाद सीबीआई की टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची।
सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले की जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। रायपुर पहुंचने के बाद सीबीआई उससे सट्टेबाजी नेटवर्क, पैसों के लेन-देन, एप के संचालन और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान घोटाले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को 8 जुलाई 2026 को रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद भारत सरकार के माध्यम से सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ओमान को प्रत्यर्पण का औपचारिक प्रस्ताव भेजा था। भारतीय एजेंसियों ने मामले से जुड़े दस्तावेज और सबूत भी ओमान के अधिकारियों को सौंपे थे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद सीबीआई की टीम मस्कट पहुंची और एक नवंबर को सौरभ चंद्राकर को लेकर भारत लौटी। अब रायपुर की विशेष अदालत में होने वाली पेशी पर सभी की नजरें टिकी हैं। कोर्ट से रिमांड मिलने पर सीबीआई आरोपी से विस्तार से पूछताछ करेगी, जिससे महादेव सट्टेबाजी एप के कथित हजारों करोड़ रुपये के नेटवर्क से जुड़े नए खुलासे होने की संभावना है।


