रायपुर :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों एवं संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, जनजातीय उत्थान, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रम और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया।

राज्य अलंकरण से सम्मानित हुईं ये विभूतियां

आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। अहिंसा एवं गोरक्षा के क्षेत्र में कार्य के लिए दुर्ग जिले के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को यति यतनलाल सम्मान मिला। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरबा जिले की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान और बालोद जिले के टोमन कुमार को तीरंदाजी के क्षेत्र में योगदान के लिए महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान से सम्मानित किया गया।

महिला उत्थान एवं जनजागृति के क्षेत्र में गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम) को मिनीमाता सम्मान प्रदान किया गया। सामाजिक चेतना एवं दलित उत्थान के लिए कबीरधाम जिले के सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान मिला। सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बस्तर जिले की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट (धनसिंह बघेल) को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार दिया गया। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, नेहरू नगर को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान और सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को महाराजा अग्रसेन सम्मान प्रदान किया गया।

साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में मिला सम्मान

समकालीन रंगकर्म और छत्तीसगढ़ी, हिन्दी एवं अन्य भाषा के नाटकों में योगदान के लिए रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान दिया गया। हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान और शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान प्रदान किया गया। लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के क्षेत्र में रायपुर की रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान से नवाजा गया। छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान, पंथी नृत्य के लिए रायपुर जिले के सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान प्रदान किया गया।

आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के क्षेत्र में दुर्ग जिले के दुर्गा प्रसाद पारकार को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दिया गया। पंडवानी कला में योगदान के लिए पाहंदा, दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीज़न बाई सम्मान और संस्कृत भाषा के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पत्रकारिता और सिनेमा के क्षेत्र की प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान

पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया गया। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, अंग्रेजी प्रिंट मीडिया में योगदान के लिए रायपुर के शिशिर रॉय चौधरी को मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया गया। हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा और निर्माण के क्षेत्र में योगदान के लिए रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) को किशोर साहू सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, सिनेमा में निर्देशन के लिए रायपुर के मोहन सुंदरानी को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण से सम्मानित किया गया।

कृषि, चिकित्सा, श्रम और जनसेवा में योगदान के लिए भी सम्मान

कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कबीरधाम जिले के पुन्नीदास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान मिला। मछली पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार दिया गया। आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के लिए नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल (सी. श्रीनिवास यंगम) को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया। श्रम के क्षेत्र में योगदान के लिए बलौदाबाजार जिले के अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, सीमेंट वर्क्स, सरकीपार को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान प्रदान किया गया। महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए कांकेर की बुलबुल बैदया को माता बहादुर कलारिन सम्मान मिला। विधि के क्षेत्र में योगदान के लिए दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान दिया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं का सम्मान

छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को विदेश में सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधन अथवा आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया गया। वहीं, हिन्दी भाषा और रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में योगदान के लिए गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान से सम्मानित किया गया। ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में योगदान के लिए कबीरधाम जिले के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय 'सन्नी' को चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार और सामाजिक समरसता, साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में योगदान के लिए बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान प्रदान किया गया।

राज्योत्सव 2026 के समापन अवसर पर आयोजित राज्य अलंकरण समारोह छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बना। इन पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश की लोककला, संस्कृति, साहित्य, सामाजिक समरसता, जनजातीय परंपराओं और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान दी गई।