रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दिए जाने के फैसले का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को अभिनंदनीय, दूरदर्शी और युवाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस फैसले से अग्निवीरों को अपनी चार वर्ष की प्रारंभिक सैन्य सेवा पूरी करने के बाद दो वर्ष तक और देश की सेवा करने का अवसर मिल सकेगा। इसके साथ ही निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीर नियमित सैन्य सेवा में भी शामिल हो सकेंगे। इससे युवाओं को सेना में अपना करियर आगे बढ़ाने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अग्निवीरों ने अपनी सेवा के दौरान जो अनुभव, कौशल और अनुशासन हासिल किया है, उसका उपयोग अब लंबे समय तक राष्ट्रहित में किया जा सकेगा। इस पहल से न केवल युवाओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि देश की रक्षा व्यवस्था को भी अनुभवी और प्रशिक्षित युवाओं की सेवाओं का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे और देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।