रायपुर :- छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बेमौसम बारिश का सिलसिला अब थमता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से लगभग खत्म हो गया है। इसके साथ ही प्रदेश में आसमान साफ होने लगा है और मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव से धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर बारिश की बाधा आने की आशंका कम हो गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 5 नवंबर से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने धनतेरस और दीपावली के दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में त्योहारों के दौरान लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर सहित आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
दो दिन बाद बढ़ेगी ठंड, रात के तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान में गिरावट के साथ ही प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा।


