रायपुर :- छत्तीसगढ़ में कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक कमजोरियों को छिपाने की कोशिश कर रही है। अपनी कमियों पर विचार करने के बजाय कांग्रेस कानूनी और संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को वोट नहीं दे रही है, ऐसे में वोट चोरी का आरोप लगाना केवल हार के बहाने तलाशने जैसा है। साव ने दावा किया कि कांग्रेस आगामी 17 नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भी पहले से हार का बहाना तैयार कर रही है।
भूपेश बघेल के पोस्ट पर भी कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को लेकर किए गए पोस्ट पर भी अरुण साव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि किसकी लाइन और लेंथ बिगड़ रही है, यह पूरा देश देख रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के राजनीतिक नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे जिनसे हाथ मिला रहे हैं और गले मिल रहे हैं, वहां भी उन्हें कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। साव ने तंज कसते हुए कहा कि जिस नेता के नेतृत्व में कांग्रेस को लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है, उसे अब कौन गंभीरता से लेगा।
SIR को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भाजपा के कार्टून पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद देश में 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार रही है। उस समय इस प्रक्रिया को लेकर इस तरह का विरोध नहीं हुआ। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब SIR को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दोहराया कि जब जनता कांग्रेस को वोट नहीं दे रही है, तो पार्टी वोट चोरी का आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक असफलता का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रही है।
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान पर भी दिया बयान
भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान को लेकर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों और गतिविधियों को उजागर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे मुद्दों को उठा रही है, जिनका आम जनता से कोई सीधा सरोकार नहीं है। साव ने कहा कि जो लोग मतदाता बनने की पात्रता नहीं रखते, कांग्रेस उनके पक्ष में खड़ी होकर उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।
विदेशी षड्यंत्र के जरिए देश को अस्थिर करने का आरोप
उप मुख्यमंत्री ने आगे आरोप लगाया कि विपक्षी दल विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश की स्थिरता और विकास को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का अभियान जनता को जागरूक करने और विपक्ष की राजनीति को सामने लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अरुण साव के इन बयानों के बाद छत्तीसगढ़ में SIR, कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।


