रायपुर :- दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी रायपुर स्थित जंगल सफारी एवं जू प्रशासन ने पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार, 10 और 11 नवंबर को जंगल सफारी एवं जू पूरी तरह पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। इन दोनों दिनों में किसी भी पर्यटक को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में दीपावली के दौरान जंगल सफारी घूमने की योजना बना रहे लोगों को अपनी यात्रा का कार्यक्रम बदलना पड़ सकता है।
वन्य प्राणियों की सुरक्षा को लेकर लिया गया फैसला
प्रशासन ने यह निर्णय दीपावली के दौरान संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने, सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने और वन्य प्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है। त्योहार के दौरान पटाखों की आवाज, भीड़भाड़ और अन्य गतिविधियों से वन्य प्राणियों को परेशानी होने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत यह कदम उठाया गया है।
वन विभाग ने जारी किया आदेश
इस संबंध में कार्यालय मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, रायपुर की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथियों यानी 10 और 11 नवंबर को जंगल सफारी एवं जू में पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके बाद निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पर्यटकों के लिए प्रवेश की सुविधा फिर से शुरू की जाएगी।ऐसे में यदि आप दीपावली के आसपास रायपुर के जंगल सफारी एवं जू घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो 10 और 11 नवंबर की तारीख का विशेष ध्यान रखें, ताकि मौके पर पहुंचने के बाद आपको निराश होकर वापस न लौटना पड़े।


