रायपुर :- महाराष्ट्र मिल्क फेडरेशन चुनाव में कथित मिलावट के राहुल गांधी के आरोपों पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के कारण देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। देश में लगातार हो रहे चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ रहा है। इसी बौखलाहट में राहुल गांधी और कांग्रेस भ्रामक प्रचार कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और लगातार उसे नकार रही है।
चक्रवात से प्रभावित किसानों और मकान मालिकों को मिलेगा मुआवजा
जशपुर दौरे से लौटने के बाद रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चक्रवात 'अर्नब' और 'मुरासु' के प्रभाव को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। चक्रवात के कारण जहां भी फसलों को नुकसान पहुंचा है, मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं या पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं, वहां सर्वे कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों की स्थिति की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि नियमानुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पटवारियों की हड़ताल पर CM साय की दो टूक
प्रदेश में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और सरकार की सख्ती को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितैषी है और कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने के लिए तैयार है। हालांकि, कर्मचारियों को अपने काम पर लौटना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को रखने के कई दूसरे तरीके भी हो सकते हैं, लेकिन काम बंद करने से आम जनता को परेशानी होती है। इससे लोगों के जरूरी काम प्रभावित होते हैं और प्रदेश का भी नुकसान होता है। मुख्यमंत्री ने पटवारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए काम पर लौटने की अपील की।
कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोगों को भड़काने का आरोप
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जनता को भड़काने तथा देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश के कई जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इस अभियान में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हो चुके हैं।
रायपुर की रैली में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत रायपुर में भी रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें वे शामिल होंगे। भाजपा का उद्देश्य जनता के बीच जाकर विपक्ष की राजनीति और उसके आरोपों को सामने रखना है। मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद महाराष्ट्र मिल्क फेडरेशन चुनाव, चक्रवात से हुए नुकसान, पटवारियों की हड़ताल और लोकतंत्र बचाओ अभियान को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।

