रायपुर :- छत्तीसगढ़ में मौसम अब करवट लेने वाला है। नवंबर की शुरुआत बारिश के साथ हुई, लेकिन अब प्रदेश में बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगने के आसार हैं। इसके साथ ही ठंड ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। यानी आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को सुबह और रात के समय ठंड का एहसास और ज्यादा होने वाला है। राजधानी रायपुर में भी सुबह के वक्त हल्के कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।

वहीं, प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सरायपाली में 3 सेंटीमीटर और कोंटा में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

अब बात राजधानी रायपुर के मौसम की करें तो त्योहार के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में लोगों को त्योहार के दौरान बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन इसके बाद मौसम शुष्क होने के आसार हैं। वहीं, अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसका सीधा असर सुबह और रात के मौसम पर देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में अब बारिश की विदाई और ठंड की एंट्री का दौर शुरू होने वाला है। ऐसे में अगर आप सुबह या देर रात घर से बाहर निकलते हैं, तो हल्की गर्म कपड़ों की तैयारी भी कर लीजिए।