महंगाई की मार झेल रही आम जनता के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत भरी खबर सामने आई है। लगातार बढ़ती ईंधन की कीमतों के बीच सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ी कटौती की है। खास बात यह है कि पाकिस्तान में लगातार तीसरी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाई गई हैं। नए फैसले के बाद पेट्रोल 9.41 रुपये और डीजल 5.56 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है। हालांकि, यह राहत भारत के लोगों के लिए नहीं, बल्कि पाकिस्तान के उपभोक्ताओं के लिए है।

दरअसल, पाकिस्तान की ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी OGRA की ओर से जारी नई कीमतों के मुताबिक, पेट्रोल का भाव घटकर 352.59 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं हाई स्पीड डीजल यानी HSD की कीमत अब 382.25 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है। इससे पहले पेट्रोल 362 रुपये और डीजल 387.81 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था।

अब सवाल यह है कि पाकिस्तान में अचानक पेट्रोल-डीजल के दाम क्यों घटाए गए? इसकी सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट बताई जा रही है। बुधवार को कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.3 प्रतिशत गिरकर 99.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI क्रूड भी 4.3 प्रतिशत गिरकर 92.02 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में आई इस गिरावट का असर पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों पर देखने को मिला है।

वहीं पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स भी वसूला जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार पेट्रोल पर प्रति लीटर करीब 114 रुपये और डीजल पर करीब 100 रुपये टैक्स और शुल्क के रूप में ले रही है। इसके अलावा सरकार ने तेल रिफाइनरियों को भी पेट्रोलियम लेवी में योगदान देने की व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 30 दिनों के लिए लागू की गई है, जिसके तहत रिफाइनरियों पर कुल 15 अरब रुपये का बोझ डाला जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को पेट्रोल की कीमत में 14.71 रुपये प्रति लीटर तक की अतिरिक्त राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

इतना ही नहीं, पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें तय करने की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब रोजाना ईंधन की कीमतें निर्धारित करने की व्यवस्था की गई है। इससे पहले मार्च की शुरुआत से सरकार हर सप्ताह पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी कर रही थी। अब OGRA को अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों के आधार पर कीमतें तय करने की जिम्मेदारी दी गई है।

अगर 1 से 6 नवंबर तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली है। 1 नवंबर को पेट्रोल 377.91 रुपये और डीजल 402.96 रुपये प्रति लीटर था। 3 नवंबर से कीमतों में कटौती का सिलसिला शुरू हुआ और 6 नवंबर तक पेट्रोल 352.59 रुपये तथा डीजल 382.25 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया।

यानी पाकिस्तान में लगातार तीसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए गए हैं। हालांकि, भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इस खबर के आधार पर किसी कटौती का ऐलान नहीं हुआ है।