बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में हैं। 'स्त्री 2' की जबरदस्त सफलता के बाद अब श्रद्धा अपनी अपकमिंग फिल्म 'ईथा' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में एक्ट्रेस बिल्कुल नए अंदाज में नजर आने वाली हैं। खास बात यह है कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही करोड़ों की डील को लेकर चर्चा में आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के घरेलू डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 90 करोड़ रुपये में बिक चुके हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

90 करोड़ रुपये में बिके 'ईथा' के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, PVR INOX ने श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' के घरेलू डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 90 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में हासिल किए हैं। बताया जा रहा है कि यह डील एडवांस आधार पर हुई है। एक महिला प्रधान फिल्म के लिए इतनी बड़ी डील को खास माना जा रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि डिस्ट्रीब्यूटर को फिल्म की बॉक्स ऑफिस क्षमता पर काफी भरोसा है। यही वजह है कि रिलीज से पहले ही 'ईथा' को साल 2026 की चर्चित फिल्मों में गिना जाने लगा है।

महाराष्ट्र की मशहूर कलाकार विठाबाई की जिंदगी पर आधारित है फिल्म

श्रद्धा कपूर की 'ईथा' सिर्फ एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई की जिंदगी से प्रेरित कहानी है। फिल्म में उनके संघर्ष, कला के प्रति समर्पण और जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा। महाराष्ट्र की लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को बड़े पर्दे पर पेश करने की कोशिश इस फिल्म को खास बनाती है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शकों से भी इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की खबर है।

पहली बार लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करेंगी श्रद्धा कपूर

इस फिल्म के जरिए श्रद्धा कपूर और निर्देशक लक्ष्मण उतेकर पहली बार एक साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री 2' और लक्ष्मण उतेकर की फिल्म 'छावा' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। ऐसे में दोनों की जोड़ी से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है।

कौन थीं विठाबाई, जिनकी जिंदगी पर बन रही है 'ईथा'?

अब बात करते हैं उस कलाकार की, जिनकी जिंदगी से प्रेरित होकर यह फिल्म बनाई गई है। विठाबाई महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार थीं। उनका जन्म सोलापुर जिले के पंढरपुर में हुआ था। वे एक ऐसे परिवार में पली-बढ़ीं, जहां कला और मंचीय प्रस्तुतियों की परंपरा थी। उनके पिता और चाचा 'भाऊ-बापू मांग नारायणगांवकर' नाम का कला-दल चलाते थे। इस कला-दल की स्थापना उनके दादा नारायण खुदे ने की थी।

विठाबाई ने बहुत कम उम्र में ही मंच पर अपनी अलग पहचान बना ली थी। खास बात यह थी कि उन्होंने किसी औपचारिक प्रशिक्षण के बिना ही अपने शानदार प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया था। उनकी जिंदगी का एक बेहद हैरान कर देने वाला किस्सा भी मशहूर है। बताया जाता है कि एक बार मंच पर प्रस्तुति के दौरान ही उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसके बाद उन्होंने मंच के पीछे बच्चे को जन्म दिया और कुछ ही समय बाद वापस आकर अपनी प्रस्तुति जारी रखी। यह घटना उनके कला के प्रति समर्पण और संघर्ष की मिसाल के तौर पर याद की जाती है।

4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी 'ईथा'

श्रद्धा कपूर की यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की कहानी, मराठी लोक संस्कृति, शानदार संगीत और श्रद्धा कपूर का नया अवतार इसे लेकर पहले से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 90 करोड़ रुपये की डिस्ट्रीब्यूशन डील के बीच 'ईथा' बॉक्स ऑफिस पर कितना शानदार प्रदर्शन कर पाती है।