रायपुर :- धनतेरस के अवसर पर बस्तर के बाजारों में महंगाई पर आस्था और खरीदारी का उत्साह भारी पड़ता नजर आया। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही और दुकानों में जमकर खरीदारी हुई। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बावजूद लोगों ने आभूषणों और सिक्कों की खरीदारी में कोई कमी नहीं की। अनुमान के मुताबिक, इस बार जिलेभर में करीब 100 से 110 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
सराफा बाजार में 20 हजार से 50 हजार रुपये तक के आभूषणों की सबसे ज्यादा मांग रही। वहीं, एक लाख रुपये तक के गहनों की भी अच्छी बिक्री दर्ज की गई। इसके अलावा कपड़ा कारोबार में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। पिछले साल के मुकाबले इस बार कपड़ों की बिक्री दोगुनी होकर 20 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई।
मोबाइल बाजार में भी ग्राहकों का उत्साह देखने को मिला। यहां 20 से 35 हजार रुपये तक के स्मार्टफोन सबसे ज्यादा बिके। कारोबारियों के अनुसार, मोबाइल की बिक्री में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में लगभग एक हजार दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री हुई। इस सेक्टर में 30 से 40 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है।
बर्तन बाजार में भी लोगों की पसंद में बदलाव देखने को मिला। पारंपरिक तांबे और पीतल के बर्तनों के मुकाबले स्टील के बर्तनों और आधुनिक किचन उपकरणों की मांग अधिक रही। हालांकि, बाजारों में भारी भीड़ के बीच किसानों की रैली के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। इससे खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों को जगह-जगह जाम का सामना करना पड़ा।
कुल मिलाकर धनतेरस का त्योहार बस्तर के व्यापारियों के लिए अच्छी कमाई लेकर आया। महंगाई के बावजूद लोगों ने परंपरा निभाते हुए जमकर खरीदारी की और बाजारों में रौनक बनी रही। हालांकि, इस दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हुए।


