नई दिल्ली :- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई वरिष्ठ और दिग्गज नेता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने यूपीए की चेयरपर्सन एवं सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत सहित देशभर से पहुंचे वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।

समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं के बीच देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा हुई।

समारोह की तस्वीरें डॉ. चरणदास महंत ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने दीपावली के संदेश को साझा करते हुए कहा कि यह पर्व हमें सिखाता है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, आशा और विश्वास का एक दीपक उसे मिटाने की शक्ति रखता है।

डॉ. महंत ने आगे कहा कि आज देश के सामने नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे समय में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।